Tuesday, April 14, 2020

योग के लिए

kavyasansad.online वेबसाइट पर प्रकाशित होने के लिए आज दिनांक १५/०४/ २०२० को राकेश त्रिपाठी 'प्रियांश' के नाम से भेजा। 


तुम्हारे स्पर्श ने -
मेरे रोम रोम को सिहरनों से प्लावित कर दिया है इतना कि,
कुछ भी महसूस नहीं होता, सिवाय तुम्हारे स्नेहिल स्पर्श के। 

तुम्हारे स्नेह लेप ने -
मेरी त्वचा को इतना स्नेहिल बना दिया है कि,
कुछ भी नहीं टिकता -रुकता , सरकता हुआ मिल जाता है  धूल में। 

तुम्हारी मुस्कान ने -
हृदय के द्वार खोल दिए हैं इतनी आतुरता से कि,
मचल उठा है पूरा व्यक्तित्व  तुममें समाने के लिए। 

तुम्हारी भृकुटि -
पर्याप्त है उद्दंडों को दण्डित करने के प्रति जागृति के लिए कि,
कोई कोना नहीं मिलता सुरक्षित सिवाय तुम्हारी गोद के। 

तुम्हारी विनम्रता ने -
बाँध दिए हैं बड़े- बड़ों के पाँव विचलित होने से कि,
डगर वही जिस पर साथ चलें श्रद्धा और समर्पण से। 

तुम्हारा स्पर्श और स्नेहलेप;
तुम्हारी मुस्कान, भृकुटि और विनम्रता-
इतनी व्यापक कि, जगा दे मन को चित्त वृत्ति निरोध के लिए। 
वस्तुतः योग के लिए।   



  

अनुभूतियाँ, २०२०

खरीदने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें  Buy Anubhutiyan Book Online at Low Prices in India | Anubhutiyan Reviews & Ratings - Amazon.in